सुपौल में झूलन पर्व के दौरान बेकाबू कार ने भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं को रौंदा, 5 की मौत
बिहार के सुपौल जिले में झूलन पर्व के अवसर पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। NH-327E पर स्थित कटैया गोठ चौक के पास बजरंगबली मंदिर में भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं के बीच एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घुस गई। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर शाम पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया गोठ में स्थित बजरंगबली मंदिर में झूलन पर्व के अवसर पर ग्रामीण कीर्तन-भजन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार श्रद्धालुओं के बीच जा घुसी। कार की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई। कार करीब 50 मीटर दूर जाकर एक दुकान में जा घुसी।
चालक फरार, परिवार के सदस्य हिरासत में
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने चालक की पत्नी और दो बच्चों को पकड़ लिया और उन्हें एक दुकान में बंद कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन की गति और उसके अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है।
मृतकों की पहचान भुवनेश्वर यादव, तिलाई दास, राजू दास, सुरेन्द्र यादव और कृष्ण मोहन साह के रूप में हुई है। घायल रामचंद्र यादव का इलाज सदर अस्पताल, सुपौल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया।
प्रशासन ने मुआवजे की घोषणा की
सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। प्रशासन ने घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता का आश्वासन दिया है। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कटैया चौक पर सड़क किनारे की अस्थाई दुकानों को हटाने की मांग की है। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और चालक की तलाश जारी है।
Disclaimer
Koshi Voice News पर प्रकाशित समाचार, लेख, फोटो, वीडियो एवं अन्य सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से प्रकाशित की जाती है। समाचार सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्रोतों, बिहार सरकार, बिहार पुलिस, सरकारी विभागों, प्रेस विज्ञप्तियों तथा अन्य मान्यता प्राप्त स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रकाशित किए जाते हैं। कुछ तस्वीरें एवं ग्राफिक्स AI-Generated या सांकेतिक हो सकते हैं। जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि करना उचित होगा।
Grievance Officer: शिकायत, सुझाव या आपत्ति के लिए ईमेल: ceo@koshivoice.in | WhatsApp: +91 92790 09245


